Amethi UP : किसानों का धरना : यूपी सीडा के खिलाफ किसानों का फूटा आक्रोश

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

मुसाफिरखाना/अमेठी। जनपद के तहसील मुख्यालय मुसाफिरखाना में सोमवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले दर्जनों किसानों ने एसडीएम कार्यालय के सामने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने “यूपी सीडा मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपी सीडा) के खिलाफ जमकर विरोध जताया।

किसानों का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व यूपी सीडा के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बिना किसी पूर्व सूचना के उनकी खड़ी फसलों को जबरन नष्ट कर दिया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रशासन किसानों की जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहा है, जो पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है।

धरने में शामिल किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि फसल क्षति का मुआवजा तत्काल नहीं दिया गया और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। किसानों की मांग है कि प्रशासन फसलों की क्षति का तुरंत सर्वे कराकर उचित मुआवजा दे।

हालांकि धरना प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, लेकिन किसानों के चेहरे पर नाराजगी साफ झलक रही थी। प्रदर्शन के दौरान एसडीएम मुसाफिरखाना मौके पर मौजूद नहीं थे। किसानों ने दो टूक कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे। इस धरने में आसपास के कई गांवों के किसान भी बड़ी संख्या में शामिल हुए और सरकार से न्याय की गुहार लगाई।

Related posts