धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे अयोध्या–प्रयागराज मार्ग पर चलाने वाले टेंपो चालकों ने शनिवार को जबरन वसूली के खिलाफ रामगंज क्षेत्र में हड़ताल शुरू कर दी। उत्तर प्रदेश ड्राइवर महासंघ के बैनर तले चालक रामपुर नहर के पास अपने वाहन खड़े कर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए और सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपने की घोषणा की।
चालकों का कहना है कि पयागीपुर चौराहे पर कुछ अराजकतत्व प्रतिदिन प्रति वाहन पर 70 रुपये की अवैध वसूली कर रहे हैं, जबकि इसकी कोई रसीद भी नहीं दी जाती। चालकों ने चेतावनी दी कि यदि ऐसी स्थिति पर रोक नहीं लगी तो उनका परिवार पालना मुश्किल हो जाएगा और वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
ड्राइवर महासंघ के अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने बताया कि यह समस्या कई वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक किसी अधिकारी ने इसकी गंभीरता को नहीं समझा। उन्होंने कहा कि टेंपो चालकों का खुले तौर पर शोषण किया जा रहा है और प्रशासन को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए।
विरोध प्रदर्शन में शामिल चालकों में दिलदार, राघवेंद्र यादव, कल्लू, रवि पाल, बादल, दीपक सोनी, मुंशी, महेंद्र, संदीप पाल, मोहन गुप्ता, बृजकिशोर यादव, अरविंद, उमेश गुप्ता, श्याम प्रकाश श्रीवास्तव सहित दो दर्जन से अधिक चालक शामिल रहे।

