धारा लक्ष्य समाचार पत्र
शुकुल बाजार/अमेठी।
स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवें की सर्विस रोड पर एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। तेज रफ्तार ई-रिक्शा की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, शुकुल बाजार थाना क्षेत्र के पूरे भाले निवासी संतराम अपनी पत्नी इसराजी देवी और एक बच्चे के साथ धान कटवाने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सर्विस रोड पर पहुंचते ही सामने से आ रहे ई-रिक्शा की चपेट में आने से बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में इसराजी देवी सड़क पर गिर पड़ीं और बुरी तरह घायल हो गईं।
राहगीरों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुकुल बाजार पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर अचानक आई इस विपत्ति से गांव में मातम छा गया। मृतका अपने पीछे चार बच्चे छोड़ गई हैं — सेजल (16 वर्ष), राधा (15 वर्ष), नेतन (10 वर्ष) और रंजीत (5 वर्ष)। पति संतराम मेहनत-मजदूरी करके किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
घटना की सूचना पर शुकुल बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष अभिनेष कुमार ने बताया कि लाश को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

