धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को सौंपा गया ज्ञापन, किसानों की दुर्दशा पर जताई चिंता
अमेठी। रवि फसल के मौसम में किसानों को डीएपी खाद की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। जिले के विभिन्न वितरण केंद्रों पर खाद की अनुपलब्धता के कारण किसान सुबह से देर शाम तक लंबी कतारों में खड़े होकर भी खाली हाथ लौट रहे हैं। इस स्थिति ने किसानों की फसल उत्पादन पर गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।
किसानों की इस समस्या को देखते हुए अमेठी यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शुभम सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी अमेठी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल महोदय को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि जिले के सभी वितरण केंद्रों पर डीएपी खाद की पर्याप्त और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके और उनकी मेहनत पर पानी न फिरे।
यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह ने कहा –
“यूथ कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है। अगर प्रशासन और सरकार ने शीघ्र डीएपी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की, तो हम किसान भाइयों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और संघर्ष के लिए तैयार हैं।”
उन्होंने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं, और उनकी पीड़ा को अनदेखा नहीं किया जा सकता।
“किसान का सम्मान — अमेठी का अभिमान” के नारे के साथ यूथ कांग्रेस ने किसानों की आवाज़ बुलंद करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर जिला महासचिव रवि मौर्य, विधानसभा उपाध्यक्ष दुर्गेश प्रताप सिंह, अध्यक्ष लोहा सिंह, जीशान आलम, विकास बारी, सौरभ सिंह, अंशु तिवारी, अमन सिंह, अजय यादव, बृजेश सिंह, नन्हे यादव, अफजल खान, मोहित सिंह, शैलेश पांडे, विनय शर्मा सहित बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

