Amethi UP : सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर तिलोई में ‘जन एकता यात्रा’ का हुआ शुभारंभ

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह रहे मुख्य अतिथि के रूप मौजूद, “लगे एक भारत, श्रेष्ठ भारत के नारे”

अमेठी। जिले के तिलोई विधानसभा क्षेत्र में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर सोमवार को ‘जन एकता यात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया। हनुमान मंदिर शाहमऊ से यात्रा का शुभारंभ राज्य मंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह ने दीप प्रज्वलन और सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्र में एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश फैलाना था। यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिक, छात्र, महिलाएं, समाजसेवी व जनप्रतिनिधि शामिल हुए। पूरे मार्ग में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और ‘जहाँ सरदार,वहाँ एकता’ के नारे गूंजते रहे।

मुख्य अतिथि राजा मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों को एकजुट कर भारत की अखंडता को मजबूत किया। उन्होंने युवाओं से देश की एकता और विकास में योगदान देने की अपील की।

यात्रा का समापन सरदार पटेल विद्यालय बहादुरपुर में जनसभा के साथ हुआ, जहाँ लोगों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर एकता व अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, सीएमओ डॉ अंशुमान सिंह, कुंवर मृगांकेश्वर शरण सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि तिलोई कृष्ण कुमार सिंह, कुंवर अवनींद्र प्रताप सिंह, भाजपा उपाध्यक्ष भवानी दत्त दीक्षित सहित हजारों लोग उपस्थित रहे।

Related posts