Amethi UP: लेखपालों का आठ सूत्री मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन जारी, मुख्यमंत्री को संबोधित सौंपेंगे ज्ञापन

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी। तहसील अमेठी में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ द्वारा अपनी आठ सूत्री मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है। वेतन वृद्धि, पदोन्नति के अवसर बढ़ाने, भत्तों में वृद्धि, पदनाम परिवर्तन और पेंशन विसंगति दूर करने जैसी प्रमुख मांगों को लेकर बड़ी संख्या में लेखपाल तहसील परिसर में विरोध जता रहे हैं। प्रदर्शन के बाद लेखपाल संघ का प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसील प्रशासन को सौंपेगा।

लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “हमारी आठ सूत्री मांगें कई वर्षों से लंबित हैं। यदि सरकार ने शीघ्र समाधान नहीं किया, तो आंदोलन को आगे और व्यापक किया जाएगा।”

प्रभात सिंह ने यह भी कहा कि पूरे प्रदेश की सभी तहसीलों में शनिवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। संघ के द्वारा जारी सूचना के अनुसार, समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक लेखपालों ने शांतिपूर्ण धरना दिया।

जिसके बाद तहसील दिवस प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो अगले चरण में कार्य बहिष्कार, जनप्रतिनिधियों के आवास पर प्रदर्शन और विधान परिषद व विधानसभा स्तर पर आंदोलन जैसे कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Related posts