धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। जिले के थाना मुंशीगंज क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दोपहर लगभग 11:45 बजे जामों–भादर चौराहे से करीब 150 कदम दूरी पर हुआ।
जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार शुक्ला (39 वर्ष), पुत्र जमुना प्रसाद, निवासी ग्राम माधोपुर थाना गौरीगंज, अपनी होंडा शाइन मोटरसाइकिल (UP 44 AW 8825) से गौरीगंज की ओर से सुल्तानपुर जा रहे थे। इसी दौरान सुल्तानपुर की ओर से नरेंद्र चौहान (25 वर्ष), पुत्र अमृतलाल, निवासी ग्राम रामपुर मजरे हाजी पट्टी थाना धम्मौर, सुपर स्प्लेंडर बाइक (UP 44 BJ 0785) से गौरीगंज की दिशा में आ रहे थे।
चौराहे के निकट दोनों मोटरसाइकिलों में सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और संदीप कुमार व नरेंद्र चौहान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
नरेंद्र चौहान के साथ बाइक पर बैठे मुकेश चौहान, पुत्र जगदंबा, गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें CHC भेंटुआ पहुँचाया गया, जहाँ से हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया।
सूचना पर तुरंत मुंशीगंज पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोग चौराहे पर लगातार बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग उठा रहे हैं।

