धारा लक्ष्य समाचार पत्र
संग्रामपुर/अमेठी। आगामी 5 दिसंबर को मनाए जाने वाले महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर नागरिक अधिकार मोर्चा संगठन के द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर के अधीक्षक डॉ. संतोष सिंह को सम्मानित किया जाएगा।

संगठन ने बताया कि डॉ. सिंह की तैनाती के बाद संग्रामपुर CHC की तस्वीर बदल गई है। कभी जिले में सबसे नीचे माने जाने वाले इस स्वास्थ्य केंद्र ने अब शीर्ष श्रेणी में स्थान बना लिया है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, उपचार व्यवस्था में सुधार, नियमित देखभाल तथा मरीजों को बेहतर परामर्श के चलते यह केंद्र अब जिले भर में उदाहरण बन चुका है।

संगठन के संयोजक शीतला सुजान ने बताया कि नागरिक अधिकार मोर्चा समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रमुख अवसरों पर सम्मानित करता है। उन्होंने कहा कि
“जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में संग्रामपुर CHC बेहतरीन सेवा दे रहा है। निस्वार्थ भाव से निशुल्क उपचार और गुणवत्तापूर्ण परामर्श उपलब्ध कराने में डॉ. संतोष सिंह की भूमिका सराहनीय है। इसे देखते हुए इस वर्ष महापरिनिर्वाण दिवस पर हमारा संगठन उन्हें सम्मानित करेगा।”
कार्यक्रम में जिले के कई सामाजिक कार्यकर्ता, चिकित्सक एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
