Amethi UP : संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता का शव फंदे पर लटकता मिला, तीन माह की बच्ची को अकेला छोड़ गई मां

 

पीपरपुर/अमेठी। जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर बाजार में सोमवार सुबह एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सपना पत्नी रविंद्र के रूप में हुई है। सपना की शादी करीब ढाई वर्ष पहले हुई थी और उसकी तीन माह की एक बच्ची भी है।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह घर के भीतर काफी देर तक कोई गतिविधि न होने पर परिजन कमरे की ओर बढ़े। दरवाजा खुला था और अंदर सपना दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी दिखाई दी। यह दृश्य देखकर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

सूचना पर पीपरपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में कमरे या दरवाजे पर जबरन प्रवेश या संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले हैं, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।

मृतका के मायके पक्ष को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पति रविंद्र सहित परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ जारी है।

नवविवाहिता की मौत की खबर से गांव का माहौल शोकाकुल है। तीन माह की बच्ची को देखकर लोगों की आंखें नम हो रही हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष व पारदर्शी जांच की मांग की है।

पीपरपुर थाना प्रभारी ने बताया कि “शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।”

Related posts