सभी समुचित व्यवस्थायें उपलब्ध रखने के दिए निर्देश
बाराबंकी12 दिसम्बर 2025-:जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मौसम में आ रही ठंड को ध्यान में रखते हुए देर रात नगर क्षेत्र में संचालित रैनबसेरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पटेल तिराहा तथा जिला अस्पताल परिसर में बनाए गए रैनबसेरों का भौतिक निरीक्षण करते हुए वहां की व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने पटेल तिराहा स्थित नगर पालिका द्वारा संचालित रैनबसेरे में बिस्तर, कंबल, साफ–सफाई, प्रकाश एवं सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी रैनबसेरो में गैस हीट रिफ्लेक्ट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि रात्रि के समय ठंड से राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सभी आवश्यक सुविधाएँ निर्बाध रूप से उपलब्ध रहें और उनकी नियमित निगरानी की जाए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी जिला अस्पताल में स्थापित रैनबसेरा पहुंचे। यहां उन्होंने ठहरे हुए लोगों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रैनबसेरे की क्षमता को देखते हुए इसके विस्तार की आवश्यकता बताई तथा संबंधित अधिकारियों को रैनबसेरे की क्षमता में वृद्धि करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल परिसर में आने वाले जरूरतमंद लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
रैनबसेरे में ठहरे लोगो से एसआईआर फॉर्म जमा प्रगति की जानकारी
रैनबसेरे में ठहरे लोगो से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने एसआईआर अभियान के अंतर्गत गणना पत्रक (फॉर्म) की उपलब्धता तथा उसे संबंधित बीएलओ को जमा किए जाने की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। अधिकांश ने बताया कि उन्होंने फॉर्म उपलब्ध करा दिया है, जबकि कुछ व्यक्तियों द्वारा अभी तक फॉर्म न जमा किए जाने की सूचना मिली, जिनको शीघ्र फॉर्म उपलब्ध कराने हेतु जागरूक किया गया तथा आवश्यक सहयोग भी प्रदान किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम नवाबगंज, तहसीलदार नवाबगंज, ईओ नगर पालिका, तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

