Amethi UP : कोतवाली पुलिस पर युवक को फर्ज़ी हिरासत में रखकर मारपीट व जेवर गायब करने का लगा गंभीर आरोप, सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी। अमेठी कोतवाली पुलिस पर एक युवक को कथित रूप से फर्ज़ी तरीके से हिरासत में लेकर मारपीट करने और जेवर गायब करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित युवक ने पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज कराते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित का आरोप है कि अमेठी कोतवाली पुलिस ने उसे बिना किसी सूचना के हिरासत में लिया और उसके परिजनों को बताए बिना करीब 36 घंटे तक थाने में बैठाए रखा। इस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा उसके साथ मारपीट की गई। युवक का यह भी आरोप है कि हिरासत के दौरान उसके जेवर गायब हो गए और जब उसने इस संबंध में सवाल उठाया तो उसे फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।

पीड़ित के अनुसार, पुलिस ने दबाव और डर दिखाकर उससे फर्जी बयान भी लिखवाने की कोशिश की। युवक ने अमेठी कोतवाल, दीवान समेत कई पुलिसकर्मियों पर सीधे तौर पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

बताया जा रहा है कि सभी पीड़ित युवक जामों थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब पीड़ित को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से न्याय की उम्मीद है, वहीं इस प्रकरण में उच्चाधिकारियों द्वारा जांच और कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

Related posts