Amethi UP : अमेठी में सपा का पोस्टरवार तेज, 2027 को लेकर महिलाओं को 40 हजार सालाना सहायता देने का किया दावा

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी। समाजवादी पार्टी की ओर से जिले में लगाए गए पोस्टरों ने राजनीतिक माहौल को एक बार फिर गरमा दिया है। अम्बेडकर तिराहे सहित कस्बे के प्रमुख चौराहों पर सपा महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष गुंजन सिंह के नेतृत्व में बड़े-बड़े बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। जिनमें 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की मंशा और योजनाओं को उजागर किया गया है।

पोस्टरों में दावा किया गया है कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को प्रति वर्ष 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला करते हुए पोस्टरों में भाजपा को “झूठ बोलने वाली पार्टी” बताया गया है और यह भी लिखा गया है कि “योगी जी जा रहे हैं।”

सपा नेत्री गुंजन सिंह द्वारा लगवाए गए इन पोस्टरों में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को “गरीबों के मसीहा” और “PDA के जननायक” के रूप में प्रस्तुत किया गया है। बैनरों पर लिखा गया है—
“2027 के सत्ताधीश, गरीबों के मसीहा, PDA के जननायक आ रहे हैं।”

पोस्टर सामने आने के बाद जिले में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। सपा नेत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी महिलाओं, गरीबों और वंचित वर्गों के हित में काम करने के लिए प्रतिबद्ध है और 2027 में सरकार बनने पर यह वादा पूरा किया जाएगा।

वहीं, सपा के इस पोस्टरवार के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और आने वाले समय में जिले की राजनीति और भी गरमाने के आसार दिख रहे हैं।

Related posts