धारा लक्ष्य समाचार पत्र
भेटुआ/अमेठी। जनपद के विकासखंड भेंटुआ अंतर्गत उसका ग्रामसभा के सकरा गांव में स्थित खेल का मैदान इन दिनों प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। मैदान पर जंगली बबूल के पेड़ और कंटीली झाड़ियां उग आने से यह पूरी तरह जंगल का रूप ले चुका है, जिससे ग्रामीणों व युवाओं को खेलकूद की सुविधा नहीं मिल पा रही है।
स्थानीय निवासी रोहित पांडे और दीपक सिंह ने बताया कि कभी यह मैदान बच्चों और युवाओं के खेलकूद का प्रमुख केंद्र हुआ करता था, लेकिन साफ-सफाई और रखरखाव के अभाव में अब इसका उपयोग संभव नहीं रह गया है। झाड़ियां और कांटे होने के कारण बच्चों का मैदान में जाना भी जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेल मैदान के बगल में स्थित भगवान शंकर जी का मंदिर गांववासियों की गहरी आस्था का केंद्र है, लेकिन वह भी लंबे समय से उपेक्षित पड़ा है। मंदिर परिसर में भी साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण की आवश्यकता है, ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खेल मैदान की तत्काल सफाई कराकर उसका सौंदर्यीकरण कराया जाए, साथ ही भगवान शंकर जी के मंदिर परिसर का भी विकास किया जाए। इससे एक ओर जहां बच्चों और युवाओं को खेल के लिए उपयुक्त स्थान मिलेगा, वहीं दूसरी ओर धार्मिक स्थल की गरिमा भी बढ़ेगी।
ग्रामीणों ने चेताया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे इस समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को मजबूर होंगे।

