धारा लक्ष्य समाचार पत्र
सीतापुर। जनपद में एक अधिवक्ता को मुकदमे की पैरवी करने पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित अधिवक्ता ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सीतापुर को प्रार्थना-पत्र देकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्चित श्रीवास्तव पुत्र विजय कुमार श्रीवास्तव, निवासी सुंदर नगर सेक्टर-ए, नैपालापुर, थाना कोतवाली देहात, सिविल कोर्ट सीतापुर में अधिवक्ता हैं। आरोप है कि वह एक मुकदमे की पैरवी कर रहे थे, जिसे छोड़ने का दबाव विपक्षीगण द्वारा बनाया जा रहा था।
प्रार्थना-पत्र में बताया गया कि 12 दिसंबर 2025 की रात लगभग 9:10 बजे अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ छोटू, अमन श्रीवास्तव उर्फ हर्षित तथा दो अज्ञात व्यक्ति उनके आवास पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मुकदमे की पैरवी न करने का दबाव बनाया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित अधिवक्ता का कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और उन्हें अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी आरोपियों की होगी।
अधिवक्ता ने पुलिस अधीक्षक से मामले का संज्ञान लेकर विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर जनपद के अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है। फिलहाल पुलिस प्रार्थना-पत्र के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

