पाँच प्रमुख चौराहों का होगा अत्याधुनिक सौन्दर्यीकरण, फोर-वे सिग्नल और एएनपीआर कैमरों से सुदृढ़ होगी यातायात व्यवस्था।
धारा लक्ष्य समाचार शफीक अहमद
सीतापुर।शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने पाँच प्रमुख चौराहों के अत्याधुनिक सौन्दर्यीकरण का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. के निर्देश पर लालबाग चौराहा, ऑख अस्पताल तिराहा, बस स्टैण्ड तिराहा, कैप्टन मनोज पाण्डे चौराहा और कोतवाली चौराहा को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा।
इन चौराहों पर फोर-वे ट्रैफिक सिग्नल, एएनपीआर कैमरे और आधुनिक नियंत्रण प्रणाली स्थापित की जाएगी। साथ ही 150 मीटर परिधि में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। अवैध पार्किंग पर सख्ती के लिए टोइंग वाहनों की व्यवस्था होगी।
ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने हेतु पंजीकरण, कलर कोडिंग व रूट निर्धारण लागू किया जाएगा। प्रशासन के इस कदम से शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु होने की उम्मीद है।

