Amethi UP : अमेयमाफी में विशाल नेत्र एवं विभागीय शिविर का आयोजन, 189 लोगों की जांच

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

भेटुआ/अमेठी।
विधानसभा क्षेत्र अमेठी के विकासखंड भेटुआ अंतर्गत न्याय पंचायत अमेयमाफी एवं गैरिकपुर की ग्रामसभा अमेयमाफी में सती महारानी जन कल्याण ट्रस्ट के तत्वावधान में नेत्र परीक्षण एवं विभागीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की और इसे जनहित में एक सराहनीय पहल बताया।

कार्यक्रम के आयोजक एवं मुख्य अतिथि रानी शाम्भवी सिंह एवं राजकुमार अनंत विक्रम सिंह (पूर्व विधायक प्रतिनिधि) रहे। दोनों ने शिविर स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता का स्वास्थ्य, सम्मान और सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

शिविर में कुल 189 लोगों की नेत्र जांच की गई, साथ ही शुगर जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद 29 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु अमेठी आई हॉस्पिटल रेफर किया गया। इसके अलावा 11 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।

रानी शाम्भवी सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना उनका सामाजिक दायित्व है और ऐसे शिविर आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे। वहीं राजकुमार अनंत विक्रम सिंह ने कहा कि जनसेवा ही उनका मूल उद्देश्य है और भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में जिला प्रचारक पवन जी, अम्बिका प्रसाद पांडेय, मंडल अध्यक्ष भाजपा निमिषा त्रिपाठी, शेषनाथ सिंह (ग्राम प्रधान) सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर के अंत में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

साथ ही उपस्थित लोगों को डाबर कंपनी द्वारा प्रदत्त च्यवनप्राश एवं एप्पल जूस का निःशुल्क वितरण भी किया गया।

---------------------------------------------------------------------------------------------------

Related posts