Amethi UP : भेटुआ ब्लॉक परिसर में शुद्ध पेयजल की सौगात, बीडीओ आकांक्षा सिंह के प्रयास से शुरू हुआ नया इंडिया मार्का बोरवेल

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

भेटुआ/अमेठी। जनपद के भेंटुआ विकास खंड कार्यालय परिसर में अब अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्र से आने वाले आम नागरिकों को शुद्ध व स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। मंगलवार को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) आकांक्षा सिंह के प्रयासों से परिसर में नया इंडिया मार्का बोरवेल शुरू कराया गया, जिससे लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान हो गया है।

उल्लेखनीय है कि पिछले दो वर्षों से परिसर में लगे दो इंडिया मार्का हैंडपंपों से दूषित पानी निकल रहा था। इसके कारण कार्यालय में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था और मजबूरी में दूषित पानी का उपयोग करना पड़ रहा था।

इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेते हुए बीडीओ आकांक्षा सिंह ने तत्काल समाधान के लिए प्रयास शुरू किए। उनके सतत प्रयासों का ही परिणाम रहा कि परिसर में नया इंडिया मार्का बोरवेल स्थापित किया गया, जिससे अब स्वच्छ, सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

नए बोरवेल के चालू होने से कार्यालय परिसर में आने वाले सभी लोगों को बड़ी राहत मिली है। इस जनहितकारी पहल के लिए क्षेत्रीय लोगों और कर्मचारियों द्वारा बीडीओ आकांक्षा सिंह के प्रयासों की सराहना की जा रही है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------

Related posts