Amethi UP : संदिग्ध परिस्थितियों में मजदूर की मौत, सांसद के निर्देश पर पीड़ित परिवार को मिली सहायता

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी।
जनपद अमेठी के मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कोरारी लच्छनशाह गांव में बुधवार सुबह एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान पीपरपुर थाना क्षेत्र के रामापुर निवासी 42 वर्षीय अमर पाल उर्फ अमरू के रूप में हुई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार देर रात अमर पाल को गांधी इंटर कॉलेज के पास पंचायत की बेंच पर बैठे हुए देखा गया था। स्थानीय लोगों ने उन्हें घर जाने की सलाह भी दी, लेकिन वह वहीं रुके रहे। बुधवार सुबह उसी स्थान पर उनका शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि अमर पाल अत्यंत निर्धन थे। उनके पास न तो पक्का मकान था और न ही कोई खेती-बाड़ी। परिवार में उनकी वृद्ध मां फूलकला और एक भाई हैं। आर्थिक तंगी के कारण दोनों भाइयों की शादी भी नहीं हो सकी थी। अमर पाल मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते थे।

घटना की जानकारी मिलते ही अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सांसद के निर्देश पर गुरुवार को कांग्रेस नेता अनुपम पांडेय मृतक की मां फूलकला के घर पहुंचे और परिवार को राहत सामग्री सौंपी।

इस दौरान पीड़ित परिवार को कंबल, दरी, बर्तन, राशन सामग्री के साथ-साथ आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, घर के बाहर प्रकाश व्यवस्था के लिए एक सोलर लाइट भी लगवाई गई। कांग्रेस नेता अनुपम पांडेय ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार की यथासंभव आगे भी मदद की जाएगी।

Related posts