धारा लक्ष्य समाचार
अमेठी। जनपद में ठंड से हुई एक युवक की मौत के मामले में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष राम उदित यादव ने अमेठी तहसील क्षेत्र के रामापुर मजरे पीपरपुर निवासी स्वर्गीय अमर बहादुर यादव पुत्र कृष्ण देव यादव के आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मृतक की माताजी फूलकली एवं भाई जंग बहादुर यादव से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। जिला अध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए समाजवादी पार्टी की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
पार्टी के दिशा-निर्देशों के तहत राम उदित यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम से फोन पर वार्ता की और पीड़ित परिवार को शीघ्र सरकारी सहायता दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ठंड के कारण हो रही मौतें शासन-प्रशासन की लापरवाही को दर्शाती हैं। सरकार पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है। गरीब, मजदूर और असहाय लोग ठंड से मजबूर हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीबों, पीड़ितों और वंचितों के साथ खड़ी रही है और आगे भी ऐसे परिवारों की मदद के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, राशन और अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस अवसर पर शिव प्रताप यादव बीआरसी मनीराम वर्मा, दीपू तिवारी, संदीप चौधरी, मन्नू पाल, छोटू यादव, संतोष सहित कई समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उक्त जानकारी समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेश मिश्रा एडवोकेट ने दी।

