धारा लक्ष्य समाचार पत्र
भेटुआ/अमेठी। जनपद अमेठी के भेंटुआ ब्लॉक स्थित हारीपुर बाजार में आयोजित पारंपरिक मेले में कड़ाके की ठंड के बावजूद लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। दूर-दराज के गांवों से आए लोगों ने मेले का आनंद लिया, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
मेले के मुख्य आयोजक पूर्व प्रधान राजकमल सिंह (नीटू) एवं उमाशंकर सिंह (लंबरदार) रहे। उनके साथ करुणाशंकर उपाध्याय, जयप्रकाश उपाध्याय, रमेश उपाध्याय सहित अनेक सहयोगियों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
हनुमानगढ़ी हारीपुर के मुख्य पुजारी बाबा रमेश उपाध्याय, अवधेश उपाध्याय,की उपस्थिति ने मेले को धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। वहीं अशोक यादव, राहुल सिंह, शरद सिंह, राजू कोटेदार और गुड्डू सेठ राज अग्रहरि,ने व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण सहयोग किया।
मेले में पूजा-अर्चना के साथ-साथ विभिन्न दुकानों, खान-पान के स्टॉलों और मनोरंजन के साधनों ने लोगों को आकर्षित किया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखा गया। आयोजकों ने बताया कि यह मेला कई वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है और क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा बन चुका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से आपसी भाईचारा मजबूत होता है और ग्रामीण संस्कृति को बढ़ावा मिलता है। मेले के सफल आयोजन पर क्षेत्रवासियों ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

