Barabanki Uttar Pradesh: बाराबंकी…ट्रेन की चपेट में आई नवविवाहिता की मौत

धारा लक्ष्य समाचार पत्र
थाना क्षेत्र लोनीकटरा के लदई का पुरवा गांव में बृहस्पतिवार सुबह शौच के लिए निकली 24 वर्षीय नवविवाहिता की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। घटना के समय घना कोहरा होने के कारण ट्रेन दिखाई नहीं देने की बात सामने आई है। हालांकि, मृतका के परिजनों ने ससुराल में प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या करने का आरोप लगाया है। गांव निवासी रामदास की पुत्री प्रिया (24) सुबह घर से शौच के लिए निकली थी।

करीब साढ़े आठ बजे गांव के पास रेलवे अप लाइन पर हैदरगढ़ की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद शव दो टुकड़ों में रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला, जिसे देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों के मुताबिक, प्रिया की शादी 22 नवंबर को लखनऊ के थाना नगाराम क्षेत्र स्थित दूलापुर गांव निवासी शिवशंकर से हुई थी।

शादी के बाद बुधवार शाम को ही पति उसे पहली बार मायके छोड़कर गया था। पिता का आरोप है कि ससुराल में लगातार प्रताड़ना के कारण प्रिया मानसिक रूप से परेशान थी और इसी कारण उसने यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। मालगाड़ी के चालक ने ट्रेन रोककर रेल अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Related posts