Amethi UP : उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल अमेठी की त्रैमासिक बैठक सम्पन्न, व्यापारिक समस्याओं पर हुआ मंथन

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल जनपद अमेठी की त्रैमासिक बैठक जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष महेश सोनी के नेतृत्व में सम्पन्न हुई। बैठक में टीकरमाफी, रामगंज, भादर, गौरीगंज, मुसाफिरखाना, जगदीशपुर एवं नगर अमेठी से आए व्यापारी बंधु व पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें से कुछ का समाधान संबंधित अधिकारियों से तत्काल वार्ता कर कराया गया, जबकि अन्य समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी महोदय को पत्र भेजा गया।

बैठक में तीन प्रमुख समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया।

पहली समस्या अमेठी में स्थित अस्थाई पुलिस लाइन को शीघ्र स्थाई पुलिस लाइन में स्थानांतरित करने तथा मंडी समिति की भूमि को व्यापारियों को आवंटित किए जाने की रही, जिससे व्यापार को बढ़ावा मिले और अमेठी-सगरा तिराहा पर लगने वाले जाम से निजात मिल सके।

दूसरी समस्या नगर पंचायत अमेठी में सार्वजनिक शौचालयों की बदहाल स्थिति को लेकर उठाई गई। व्यापारियों ने बताया कि शौचालय जर्जर होने से बाहर से आने वाले व्यापारी, महिलाएं और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

तीसरी समस्या नगर पंचायत द्वारा आवंटित दुकानों के किराये में लगभग छह गुना वृद्धि को लेकर रही, जिस पर व्यापारियों ने रोष व्यक्त करते हुए पुराने निर्धारित किराये के अनुसार ही शुल्क वसूलने की मांग की।

इसके अलावा टीकरमाफी बाजार में मालती नदी के क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत की मांग भी उठाई गई।

बैठक में हिमांशु अग्रहरि को जिला संगठन महामंत्री तथा कृष सोनी को युवा नगर अध्यक्ष अमेठी मनोनीत किया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को लेकर शीघ्र जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

Related posts