खत्री युवा सभा द्वारा KPL-2026 का भव्य आयोजन, खेल और भाईचारे का अनूठा संगम।
वाराणसी। खत्री हितकारिणी युवा सभा द्वारा वाराणसी के समस्त खत्री समाज के लिए KPL-2026 (खत्री प्रीमियर लीग – कैनवस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट) का सफल आयोजन 8 फरवरी (रविवार) को MVN टर्फ, कमच्छा में किया गया। यह आयोजन खेल, मनोरंजन एवं सामाजिक साहचर्य का एक यादगार उत्सव साबित हुआ।
टूर्नामेंट का उद्घाटन खत्री हितकारिणी सभा के अध्यक्ष श्री दीपक बहाल जी द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में 10-10 ओवर के कुल 6 रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें 16 वर्ष से 50 वर्ष तक के खत्री खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों एवं दर्शकों के मनोरंजन हेतु ढोल व म्यूजिक की विशेष व्यवस्था की गई थी, वहीं खिलाड़ियों के लिए पौष्टिक भोजन की भी उत्तम व्यवस्था रही। KPL के चेयरमैन एवं खत्री युवा सभा के संरक्षक राजीव खन्ना ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए युवा सभा के निरंतर बढ़ते कदमों की सराहना की।
सभा के संरक्षक नितिन टंडन ने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल वर्तमान को बेहतर बनाता है, बल्कि भविष्य के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने युवा सभा के सदस्यों के आपसी समन्वय की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्था हर क्षेत्र में खत्री गौरव को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।
खत्री हितकारिणी युवा सभा के अध्यक्ष विवेक खन्ना ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि यह मैत्रीपूर्ण खेल प्रतियोगिता समाज में भाईचारे की भावना को और अधिक सशक्त करेगी तथा युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान करेगी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुंजन कपूर ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतिस्पर्धाओं से आपसी विश्वास मजबूत होता है और संस्था और अधिक सशक्त बनती है। महामंत्री अमन मेहरा ने दर्शक दीर्घा में उपस्थित सभी खत्री भाइयों का स्वागत किया तथा बच्चों को खेलों के महत्व के बारे में प्रेरणादायी संदेश दिया। कोषाध्यक्ष राहुल खनेजा ने संस्था द्वारा निरंतर आयोजित हो रहे कार्यक्रमों पर हर्ष व्यक्त किया और उपस्थित सभी वरिष्ठजनों के प्रति आभार प्रकट किया। खत्री युवा सभा के महामंत्री एवं कोषाध्यक्ष के सलाहकार विवेक कपूर ने कहा कि खेल-कूद को जीवन का अभिन्न अंग बनाने से ही स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कल्पना संभव है।
इस अवसर पर सी.ए. अतुल सेठ, मनीष टंडन, प्रशांत कपूर, डॉ. अम्बर भाटिया, अमित वासुदेवा, राहुल पुरी, प्रियंक मेहरोत्रा, अरुण आहूजा, मोहित मंधान, समीर भसीन, आशुतोष बेहेल, विनम्र कपूर, अक्षत टंडन, गौतम अरोड़ा, शिवम् सेठ, सिद्धार्थ गुलाटी सहित अनेक गणमान्य खत्री बंधुओं की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन के उत्साह को और अधिक प्रज्वलित किया।

