Varanasi UP…..वाराणसी में शिक्षकों का आक्रोश: सुरक्षा व न्याय की मांग को लेकर संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा का गठन।

वाराणसी में शिक्षकों का आक्रोश: सुरक्षा व न्याय की मांग को लेकर संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा का गठन।

वाराणसी, 15 फरवरी। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में कथित मीडिया कर्मियों व अराजक तत्वों द्वारा विद्यालय परिसर में घुसकर शिक्षकों के साथ अभद्रता, मारपीट, धमकी तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने की घटनाओं से शिक्षकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। हालिया तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच दो प्रधानाध्यापकों — स्व. सुशील कुमार गिरी एवं स्व. राम अवतार — के असामयिक निधन से शिक्षक समुदाय आहत है।
प्राथमिक विद्यालय पिसौर में प्रधानाध्यापक पर जानलेवा हमले व कथित फर्जी मुकदमे के विरोध में सभी शिक्षक संगठनों की संयुक्त बैठक एलटी कॉलेज हनुमान मंदिर परिसर में जिलाध्यक्ष विनोद कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा का गठन कर जिलाधिकारी से मिलकर विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, स्थायी सफाईकर्मी नियुक्ति तथा पिसौर प्रकरण में एसआईटी जांच व दोषियों पर कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग करने का निर्णय लिया गया।
मांगें पूरी न होने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना, गैर-शैक्षणिक कार्यों का बहिष्कार एवं सामूहिक अवकाश लेकर तालाबंदी की चेतावनी दी गई है। बैठक के अंत में दिवंगत शिक्षकों को श्रद्धांजलि देकर दो मिनट का मौन रखा गया।

Related posts