“लभगवान शिव से भारत की जीत का मांगा आशीर्वाद।
भारत की पाकिस्तान पर जीत के लिए उतारी मां गंगा की आरती, बाबा विश्वनाथ से की प्रार्थना।
वाराणसी महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर काशी के पौराणिक सिंधिया घाट पर टी – 20 विश्व कप क्रिकेट में पाकिस्तान टीम पर भारतीय टीम की जीत के लिए नमामि गंगे और महर्षि योगी वेद विज्ञान विद्यापीठ के वेदपाठी बटुकों ने वेदमंत्रों के साथ आरती उतार बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से आशीर्वाद मांगा। वहीं, बाबा विश्वनाथ, प्रभु श्री रामलला, भारत माता और भारतीय क्रिकेटरों की तस्वीर, क्रिकेट किट, बैट लेकर राष्ट्रध्वज के साथ सिंधिया घाट पर पाकिस्तान पर भारतीय टीम की जीत का शंखनाद किया।ॐ जय शिव ओंकारा और द्वादश ज्योतिर्लिंगों का पाठ करके भारतीय क्रिकेट टीम के लिए ‘विजयी भव:’ का संदेश दिया। इस दौरान भारत माता की जय, चक दे इंडिया, जीतेगा भाई जीतेगा, हिंदुस्थान जीतेगा के गगन भेदी उद्घोष से घाट का परिसर गूंज उठा। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राज्य स्तरीय क्रिकेट खिलाड़ी रहे राजेश शुक्ला ने कहा कि क्रिकेट भारतीयों का प्रिय खेल है। भारतीय क्रिकेट टीम ने कई मर्तबा पाकिस्तान को हराया है। ऑपरेशन सिंदूर की विजय के बाद खेल में भारतीय टीम की जीत हमारा मनोबल और हौसला बढ़ाएगी। भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को हराकर आगे बढ़े इसके लिए हमने मां गंगा और बाबा विश्वनाथ की आरती उतार कर आशीर्वाद मांगा है। वहीं, 140 करोड़ भारतीयों की आशा और निगाहें भारतीय क्रिकेट टीम पर है। भारतीय क्रिकेट टीम विजेता हो, देवाधिदेव महादेव और मां गंगा से आशीर्वाद की कामना है। आयोजन में प्रमुख रूप से नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला, महानगर सहसंयोजिका सरिका गुप्ता, आचार्य पं० राकेश मिश्रा, महर्षि योगी वेद विज्ञान विद्यापीठ के बटुक एवं नागरिकगण शामिल रहे ।

