वाराणसी में “ऑपरेशन बंधनमुक्त” : 499 पक्षी अवैध व्यापार से मुक्त, 174 तोते व 325 लालमुनिया बरामद।
वाराणसी, 18 फरवरी 2026।
वन संरक्षक, वाराणसी वृत्त एवं प्रभागीय वनाधिकारी, वाराणसी वन प्रभाग के निर्देशानुसार श्री अरविन्द कुमार, उप प्रभागीय वनाधिकारी, वाराणसी वन प्रभाग के नेतृत्व में आज आदमपुर थानान्तर्गत बहेलिया टोला में पक्षियों के अवैध व्यापार की रोकथाम हेतु विशेष अभियान “ऑपरेशन बंधनमुक्त” चलाया गया।
अभियान में फॉरेस्ट फोर्स के साथ आदमपुर थाने की पुलिस टीम तथा पी.ए.सी. के जवान भी शामिल रहे। भारी संख्या में सुरक्षा बल को देख अवैध व्यापार में संलिप्त लोग मौके पर ही पक्षियों को छोड़कर फरार हो गए।
मौके से कुल 499 पक्षी बरामद किए गए, जिनमें 174 भारतीय तोते एवं 325 लालमुनिया शामिल हैं। सभी पक्षियों को सुरक्षित रूप से सारनाथ स्थित डीयर पार्क में रखा गया है। सक्षम स्तर से अनुमति प्राप्त होने के उपरांत इन्हें शीघ्र ही उनके प्राकृतिक आवास में मुक्त किया जाएगा।
इस संबंध में वाराणसी रेंज में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बहेलिया टोला एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी निरंतर चलाए जाएंगे।

