होली मिलन समारोह में जुटे कार्यकर्ता, 2027 चुनाव की तैयारी में जुटी लोजपा

वाराणसी। जनपद में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह एवं सदस्यता अभियान का कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान (एडवोकेट), सदस्य रेलवे उपभोक्ता परामर्श समिति, भारत सरकार रहे।
इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि देश के किसी भी राज्य में पासी-पासवान समाज का मुख्यमंत्री नहीं है। पार्टी की मांग है कि चिराग पासवान को बिहार का मुख्यमंत्री बनाया जाए, जिससे पूरे देश में सकारात्मक संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तैयारी में जुट गई है और “यू पी फर्स्ट, यू पी वाले फर्स्ट” के मिशन के साथ प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि दलित सेना और लोजपा के संस्थापक स्वर्गीय रामविलास पासवान द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों को लेकर पार्टी “चली गांव की ओर” अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि स्व. रामविलास पासवान ने अपने मंत्री पद के दौरान कई ऐतिहासिक कार्य किए। संसद के सेंट्रल हॉल में डॉ. भीमराव अंबेडकर का चित्र लगवाने और उन्हें भारत रत्न दिलाने की लड़ाई में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसके अलावा उन्होंने बाबा साहब के जन्मदिन पर राष्ट्रीय अवकाश की मांग को भी आगे बढ़ाया। रेलवे में लगभग 57 हजार कुलियों को स्थायी करने, दूरसंचार मंत्री रहते हुए घर-घर टेलीफोन पहुंचाने तथा वीरांगना उदा देवी पासी, महाराजा बिजली पासी, झलकारी बाई कोरी और वीर अब्दुल हमीद के नाम पर डाक टिकट जारी कराने जैसे कार्य भी उनके कार्यकाल की उपलब्धियां रहीं।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष छोटे लाल पासवान, प्रदेश महासचिव एवं मंडल प्रभारी वाराणसी आशुतोष सिंह गहरवार, प्रदेश संगठन सचिव अभिनव श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष वाराणसी विशाल सिंह, महानगर अध्यक्ष वाराणसी गुरु प्रसाद राणा, जिला अध्यक्ष वाराणसी राज नीरज सिंह तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशीष पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता अभी से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाला समय लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का होगा और बिना पार्टी के किसी की सरकार नहीं बनेगी।


