Sitapur UP: सिधौली CHC में उपमुख्यमंत्री का औचक निरीक्षण, गंदगी और लापरवाही पर सख्त रुख

मरीजों से सीधे संवाद, अव्यवस्थाओं पर फटकार; सुधार न होने पर कार्रवाई के संकेत

धारा लक्ष्य समाचार 

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद की रिपोर्ट

सीतापुर। मंगलवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सिधौली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। उनके अचानक पहुंचने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और स्टाफ में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उपमुख्यमंत्री ने पर्चा काउंटर पर लाइन में लगकर मरीजों से बातचीत की और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

करीब 42 मिनट तक चले निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई खामियां सामने आईं। वार्ड में मरीजों के बेड पर गंदी चादरें मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और सीएचसी अधीक्षक को फटकार लगाई। साफ-सफाई की खराब स्थिति पर तत्काल सुधार के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि मरीजों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। एक संविदाकर्मी क्लीनर की लापरवाही पर उसका एक माह का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एक्स-रे रूम बंद मिलने पर उपमुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया। टेक्नीशियन ने जनरेटर न चलने के कारण सेवा बाधित होने की जानकारी दी, जिस पर उन्होंने व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए। साथ ही लेबर रूम सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मरीजों और तीमारदारों से उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए।

Related posts