कपसेठी पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, 4 अभियुक्त गिरफ्तार, सरिया व नकदी बरामद।

वाराणसी। थाना कपसेठी पुलिस ने चोरी की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की 13 अदद सरिया (कामधेनु मार्का), 20,020 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन तथा एक बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद की है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, अपर पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक कपसेठी के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही थी।
उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार तिवारी अपनी टीम के साथ तक्खु की बौली भीषमपुर गेट के पास गश्त पर थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर अर्जुनपुर से अदमा जाने वाली सड़क के किनारे बाग के पास छापेमारी कर चार अभियुक्तों—प्रमोद उर्फ शक्कल पटेल (29), शमसेर पटेल (26), खेत्तन पटेल (29) एवं किसन पटेल (28)—को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अर्जुनपुर क्षेत्र से पिकअप में लदी लोहे की सरिया चोरी की थी। चोरी के बाद सरिया को किसन पटेल को औने-पौने दाम पर लगभग 90 हजार रुपये में बेच दिया गया था। बरामद 20,020 रुपये उसी रकम का शेष हिस्सा बताया गया है, जिसे अभियुक्त खर्च कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया तथा अभियुक्तों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। सभी अभियुक्तों को न्यायालय में प्रस्तुत करने हेतु भेज दिया गया है।
इस संबंध में थाना कपसेठी पर मुकदमा संख्या 028/2026 धारा 303(2), 317(2)/317(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। अभियुक्तों के अन्य आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

