बनारस के बॉक्सर ऋषि ने जीता स्वर्ण पदक
एमएलसी बृजेश सिंह ने किया सम्मानित व गोद लेने का ऐलान।


वाराणसी। बनारस के होनहार बॉक्सर ऋषि ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर न केवल अपने शहर बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता 2 मार्च से 8 मार्च तक हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता से लौटने के बाद ऋषि को एमएलसी बृजेश सिंह ने सम्मानित किया और उन्हें गोद लेने की घोषणा करते हुए कहा कि अब खिलाड़ी को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
ऋषि महादेव सूर्या विनायक बॉक्सिंग एकेडमी में कोच दिलीप सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं और लगातार अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं। वे बनारस के पहले खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया है।
ऋषि की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव प्रमोद कुमार ने बधाई दी, वहीं एकेडमी के मुख्य संरक्षक शशि कांत पांडेय ने भी कोच और खिलाड़ी दोनों की सराहना की।
स्थानीय खेल प्रेमियों और समर्थकों ने भी ऋषि की सफलता पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने भगवान बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की कि आने वाले समय में ऋषि देश का प्रतिनिधित्व करते हुए ओलंपिक में भी पदक जीतें।
अंत में एमएलसी बृजेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि वे हमेशा खिलाड़ियों के लिए सहयोग करते रहते हैं, जिससे प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
