Varanasi UP..एक बूथ–10 यूथ संकल्प से युवाओं को जोड़ेगा राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी।

एक बूथ–10 यूथ संकल्प से युवाओं को जोड़ेगा राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी।

रामनगर में रामनवमी पर भव्य पूजन एवं बैठक, संगठन विस्तार और स्वरोजगार योजनाओं पर जोर।

वाराणसी, श्री रामनवमी के पावन अवसर पर राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी द्वारा कैंट विधानसभा अध्यक्ष आनंद शर्मा के नेतृत्व में रामनगर स्थित कैंप कार्यालय पर भव्य पूजन-उत्सव एवं महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुई, जिसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया।
बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार गुप्ता ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल विस्तार नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, राष्ट्रवाद और हिंदू समाज की एकजुटता को मजबूत करना है। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए “एक बूथ–10 यूथ” संकल्प की जानकारी दी। इस योजना के तहत प्रत्येक बूथ पर कम से कम दस युवाओं को जोड़कर उन्हें सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय किया जाएगा।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि संगठन युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए भी कार्य कर रहा है। इसके अंतर्गत डेयरी, गौपालन, जैविक खेती, खाद्य प्रसंस्करण, अगरबत्ती व हवन सामग्री निर्माण, हस्तशिल्प, ई-सेवा केंद्र, डिजिटल सेवा केंद्र, सिलाई-कढ़ाई तथा महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और नेटवर्क के माध्यम से लागू किया जाएगा, जिससे युवा न केवल आत्मनिर्भर बनें बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार दे सकें। इसके अतिरिक्त संगठन द्वारा वैदिक विद्यापीठ की स्थापना की योजना भी प्रस्तावित है, जिसके माध्यम से गुरुकुल पद्धति पर आधारित शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान तेज करने और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जयप्रकाश मिश्रा, मनीष सिंह रघुवंशी, राजगोपाल पांडे, राकेश मिश्रा, अनिता दास, अमितेश उपाध्याय, श्रीनिवास चौबे, रमेश यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related posts