धारा लक्ष्य समाचार पत्र भूपेन्द्र शर्मा bareli
बरेली। विकासखंड भुता की ग्राम पंचायत भवनपुर न्यामतुल्ला में मुख्य मार्ग की हालत बद से बदतर हो गई है। सड़क पर जगह-जगह जलभराव और कीचड़ के कारण यह मार्ग अब तालाब जैसा नजर आ रहा है। ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि पंचायत विभाग इस गंभीर समस्या की ओर पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, काफी समय से सड़क पर पानी भरा हुआ है, जिससे न केवल पैदल चलना मुश्किल हो गया है बल्कि दोपहिया और चारपहिया वाहन भी फिसलने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह रास्ता किसी खतरे से कम नहीं है। जलभराव के कारण गंदगी और बदबू भी फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव को कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे साफ जाहिर होता है कि पंचायत विभाग विकास कार्यों के प्रति गंभीर नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत और जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है,।

ताकि उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके। खंड विकास अधिकारी भुता, अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही टीम भेजकर निरीक्षण कराया जाएगा और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा। संबंधित ग्राम पंचायत को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ सकता है और वे आंदोलन के लिए मजबूर हो सकते हैं। फिलहाल सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
