धारा लक्ष्य समाचार पत्र
चांदा (सुल्तानपुर)।
प्रतापपुर कमैंचा ब्लॉक क्षेत्र के नेताजी सुभाष सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सोमवार को सामाजिक सरोकार और शिक्षा के समन्वय का एक सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। सेवार्थम फाउंडेशन के तत्वावधान में विद्यालय में नव-निर्मित शौचालय का विधिवत उद्घाटन एवं वार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।सेवार्थम फाउंडेशन द्वारा विद्यालय में शौचालय निर्माण हेतु ₹51,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी। निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत फाउंडेशन के पदाधिकारी उमेश तिवारी एडवोकेट ने फीता काटकर शौचालय का उद्घाटन किया। इस सुविधा के शुरू होने से विद्यालय के बच्चों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा, जिसे सभी ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मेधावी छात्रों को वार्षिक परीक्षाफल वितरित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया, जिससे अन्य छात्रों में भी बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा जगी।इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज पांडे, उमेश चंद तिवारी, महामंत्री विवेक तिवारी, मंडल अध्यक्ष लवलेश दुबे (प्रतापपुर कमैंचा),
मंडल अध्यक्ष अनिल दुबे (अमरूपुर), जगदंबा प्रसाद, अनिल कनौजिया, अमित तिवारी एवं मीडिया प्रभारी चंदन यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जटाशंकर मिश्र के साथ शिक्षकगण एवं समस्त स्टाफ की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम सफल रहा। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सेवार्थम फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की सामाजिक पहलें न केवल शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करती हैं, बल्कि स्वच्छता एवं जागरूकता को भी बढ़ावा देती हैं।
