सन शाइन इंग्लिश स्कूल में गुरुकुल परंपरा के साथ नए सत्र का शुभारंभ।

वाराणसी: सन शाइन इंग्लिश स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ पारंपरिक गुरुकुल पद्धति के अंतर्गत बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की मूर्ति पूजन, वंदना, यज्ञ एवं हवन के साथ हुई।
विद्यालय के बच्चों द्वारा विधिवत रूप से माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न कराई गई। इस पावन अवसर पर विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपूर्ण पूजन कार्य सम्पन्न कराया गया, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो उठा।
पूजन कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन जितेंद्र , निदेशक अर्चना, प्रधानाचार्या सोनाली एवं सर्व सिद्धि सेवा संस्थान की उपाध्यक्ष एकता की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया।
इस अवसर पर विद्यालय के नए एवं पुराने छात्र-छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का वातावरण और भी आनंदमय एवं उत्साहपूर्ण बन गया।
अंत में विद्यालय परिवार ने नए सत्र के सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी विद्यार्थियों को आशीर्वाद प्रदान किया।

