Varanasi UP…53 दिन से लापता युवक।

53 दिन से लापता युवक।

एफआईआर तक नहीं दर्ज।

परिवार ने 72 घंटे में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी।

वाराणसी आदमपुर थाना क्षेत्र के दीवान गंज मोहल्ला निवासी 23 वर्षीय युवक ऋषभ मौर्य के लापता होने के 53 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज न किए जाने से परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। परिवार ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रशासनिक उदासीनता का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार, ऋषभ मौर्य 11 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे एसएससी परीक्षा देने के लिए झूंसी, प्रयागराज जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
परिवार का कहना है कि उन्होंने कई बार स्थानीय पुलिस से शिकायत की, साथ ही पुलिस कमिश्नर और मुख्यमंत्री आवास पर भी प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत का निस्तारण भी दिखा दिया गया, जबकि युवक का अब तक कोई पता नहीं चला है।
ऋषभ के पिता अंबिका मौर्य, जो भाजपा के बूथ अध्यक्ष होने के साथ ही एक व्यापारी और पहड़िया व्यापार मंडल के सदस्य हैं, ने बताया कि एक संदिग्ध व्यक्ति पर संदेह जताने के बावजूद पुलिस कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्षों से सामाजिक संगठन से जुड़े होने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है।
परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि 72 घंटे के भीतर मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है।

Related posts