वाराणसी में शिक्षक संघ का धरना, नौ सूत्रीय मांगों को लेकर डीआईओएस को सौंपा ज्ञापन।

वाराणसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ, जिला कार्यकारिणी वाराणसी द्वारा शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को धरने के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई।
संघ ने ग्रीष्मावकाश के दौरान शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाए जाने का विरोध करते हुए इसके बदले अर्जित अवकाश देने की मांग की है। इसके अलावा एन.पी.एस. की कटौती को अद्यतन करने तथा एन.पी.एस. से ओ.पी.एस. में शामिल शिक्षकों के अंशदान को जी.पी.एफ. में अपडेट करने की बात कही गई है।
ज्ञापन में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों से 20 अप्रैल 2026 से पहले विकल्प पत्र भरवाने, तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण की प्रक्रिया पूर्ण करने तथा निलंबित शिक्षकों के अर्धवेतन के बकाया एरियर का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल है।
संघ ने यह भी कहा कि 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हुए प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर कार्यवाहक नियुक्ति वरिष्ठता के आधार पर की जाए। साथ ही, जनपद में लंबित चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान के मामलों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की गई।
इसके अतिरिक्त, बोर्ड परीक्षा में लगे कर्मचारियों के पारिश्रमिक के भुगतान और अन्य जनपदीय समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई है। शिक्षक संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

