Sitapur UP: डीएम का ताबड़तोड़ एक्शन: नगर निकाय में खामियों पर सख्ती, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर जांच समितियां गठित

मिश्रिख-नैमिषारण्य में निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारियों के वेतन रोकने के निर्देश, मेडिकल कॉलेज व परसेंडी प्रकरण में 24 घंटे में रिपोर्ट तलब

धारा लक्ष्य समाचार 

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने जनपद में नगर निकायों और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए एक ही दिन में कई अहम कार्रवाई की। नगर पालिका परिषद मिश्रिख व नैमिषारण्य के औचक निरीक्षण के साथ ही स्वास्थ्य विभाग से जुड़े दो गंभीर मामलों में जांच समितियों का गठन कर त्वरित रिपोर्ट मांगी गई है।

मिश्रिख व नैमिषारण्य में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हैंडपंपों की स्थिति की समीक्षा की। अभिलेखों में कमी मिलने पर संबंधित पटल सहायक का वेतन रोकने के निर्देश दिए। पानी की टंकी की सफाई के अभिलेख न मिलने पर अधिशासी अधिकारी पर नाराजगी जताई गई। स्ट्रीट लाइट, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आईजीआरएस व जनसुनवाई रजिस्टर सहित कई अभिलेखों में खामियां मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के वेतन रोकने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं, निर्माण कार्यों की पत्रावलियों और वाहनों की लॉगबुक का भी निरीक्षण किया। कई मामलों में अभिलेख अधूरे मिलने पर सख्त नाराजगी जताते हुए अधिशासी अधिकारी के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि और अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके अलावा वंदन योजना के तहत मिश्रिख स्टेशन से सीताकुंड धर्मशाला तक बनी सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता और माप की जांच की गई तथा कार्य मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में अटरिया स्थित हिंद मेडिकल कॉलेज में मरीज के साथ कथित लापरवाही का वीडियो वायरल होने पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की। समिति को 24 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसेंडी में तैनात चिकित्सक पर नशे की हालत में इलाज करने के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एक अन्य जांच समिति का गठन किया गया है। समिति को मौके पर जाकर जांच कर एक कार्य दिवस में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और सभी कार्यों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।

Related posts