राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी की बैठक में संगठन विस्तार और जनजागरण पर जोर।

वाराणसी। राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी की एक महत्वपूर्ण बैठक चितईपुर स्थित आनंद विहार कॉलोनी में महिला मोर्चा अध्यक्ष डॉ. अनीता दास की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभु श्रीराम के पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का माल्यार्पण व अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ‘गुरुजी’ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महानगर युवा मोर्चा अध्यक्ष आनंद शर्मा ने किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव मनीष सिंह रघुवंशी, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष पवन सोनकर, रामनगर मंडल अध्यक्ष धीरज मौर्य, जिला उपाध्यक्ष आचार्य सोनू तिवारी, आयुष तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष (महिला मोर्चा) दुर्गा साहनी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रदीप कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि यह संगठन सनातन धर्म, संस्कृति और राष्ट्रहित की रक्षा के लिए कार्यरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव तक विस्तार देने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
उन्होंने लव जिहाद, अवैध धर्मांतरण एवं धर्म विरोधी गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इन मुद्दों पर लोकतांत्रिक और वैधानिक तरीके से आवाज उठाई जाएगी तथा जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि जयप्रकाश मिश्रा ‘गुरुजी’ ने संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की।
बैठक में संगठन विस्तार, अनुशासन बनाए रखने तथा महिला व युवा मोर्चा को सशक्त बनाने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती एवं सनातन धर्म की रक्षा के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

