Sitapur UP: पासिंग आउट परेड से पहले रिहर्सल का निरीक्षण, महिला रिक्रूट्स को दिए दिशा-निर्देश

अनुशासन, समन्वय और संवेदनशील पुलिसिंग पर जोर, उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना

धारा लक्ष्य समाचार 

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित परेड ग्राउंड में आगामी 26 अप्रैल को होने वाली पासिंग आउट परेड की तैयारियों के तहत रिहर्सल परेड आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने परेड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान टोलीवार मार्च पोस्ट का अवलोकन किया गया। महिला रिक्रूट आरक्षियों के उत्कृष्ट टर्नआउट और कदमताल के बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए इसे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का परिणाम बताया गया। रिहर्सल के दौरान रिक्रूट्स को देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ का अभ्यास भी कराया गया, ताकि मुख्य समारोह में प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित हो सके।

इस मौके पर रिक्रूट महिला आरक्षियों को संबोधित करते हुए उन्हें प्रशिक्षण में सीखे गए आत्मरक्षा, कानून की जानकारी और अनुशासन को व्यवहार में लागू करने की सीख दी गई। साथ ही पीड़ित केंद्रित पुलिसिंग अपनाने और फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इस बैच को आधुनिक तकनीक और साइबर अपराधों से निपटने के लिए भी प्रशिक्षित किया गया है। मुख्य पासिंग आउट परेड के सफल आयोजन के लिए सजावट, सुरक्षा और अतिथियों की व्यवस्था समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Related posts