हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में प्रदेश टॉप, बेटियों ने बढ़ाया मान
धारा लक्ष्य समाचार

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। यूपी बोर्ड के नतीजे घोषित होते ही जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई। दो वर्षों के अंतराल के बाद एक बार फिर जिले की छात्राओं ने प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल कर गौरव बढ़ाया है। खास बात यह रही कि इस बार भी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए परचम लहराया है।

महमूदाबाद क्षेत्र के बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज की छात्रा कशिश वर्मा ने हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश में टॉप कर इतिहास रच दिया। वहीं इसी विद्यालय की छात्रा शिखा वर्मा ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।
दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल है। शिक्षकों ने उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए इसे पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया। अभिभावकों ने भी बेटियों की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इन होनहार छात्राओं ने यह साबित कर दिया है कि कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता से अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
