कुलदीप कुमार शर्मा (के.के.)
धारा लक्ष्य समाचार

बाराबंकी (हैदरगढ़)। क्षेत्र में अचानक आई तेज आंधी और बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं कई जगह नुकसान भी पहुंचाया। तहसील हैदरगढ़ परिसर में तेज तूफान के चलते कई पेड़ गिर गए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इसी दौरान तहसील परिसर में मौजूद बसपा नेता/ अधिवक्ता अनिल गौतम पर एक पेड़ गिर गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। बताया जा रहा है कि उनका सिर फट गया और वह पेड़ के नीचे दबकर लहूलुहान हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पेड़ के नीचे से बाहर निकाला और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ भेजा, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

आंधी के कारण तहसील परिसर में कई अन्य पेड़ भी गिर गए, जिससे वहां खड़ी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और कुछ लोगों को हल्की चोटें भी आई हैं।
वहीं, फायर स्टेशन हैदरगढ़ के मुख्य गेट पर एक पुराना पेड़ गिरने से दमकल वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। और तत्काल पेड़ को हटाने के निर्देश दिए, ताकि फायर सर्विस की गाड़ियों का संचालन सुचारू रूप से बहाल किया जा सके।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं से सुरक्षित रहा जा सके।
