सीडीओ सुश्री पूजा साहू (आईएएस) का विकास भवन स्थित कार्यालयों का औचक निरीक्षण

लापरवाही पर सख्त कार्रवाई — कई अधिकारियों/कर्मचारियों का वेतन अवरुद्ध, स्पष्टीकरण तलब

कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेख रखरखाव, आईडी कार्ड एवं नाम पट्टिका व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश

अमेठी। दिनांक 07 मई 2026 को पूर्वाह्न लगभग 10:15 बजे मुख्य विकास अधिकारी अमेठी सुश्री पूजा साहू (आईएएस) द्वारा विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, कर्मचारियों की उपस्थिति, आईडी कार्ड धारण करने की स्थिति एवं कार्यालय व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया।

सर्वप्रथम जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया गया, जहां जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री संतोष कुमार श्रीवास्तव अनुपस्थित पाए गए तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को छोड़कर अन्य अधिकांश कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य विकास अधिकारी द्वारा श्री संतोष कुमार श्रीवास्तव का दिनांक 07 मई 2026 का वेतन अग्रिम आदेशों तक अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कार्यालय में अभिलेखों का रखरखाव अत्यंत अव्यवस्थित पाया गया। अभिलेखों से संबंधित अलमारियों पर कोई संकेतक अंकित नहीं था तथा फाइलों की वर्षवार अथवा विषयवार नंबरिंग भी नहीं की गई थी। कार्यालय कक्ष में कंप्यूटर के तार बिखरे हुए थे, खिड़कियों एवं दीवारों पर धूल जमी हुई थी तथा साफ-सफाई की स्थिति अत्यंत खराब पाई गई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।

तत्पश्चात मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया गया, जहां मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी श्री गोपाल कृष्ण शुक्ल अनुपस्थित पाए गए। उनका भी दिनांक 07 मई 2026 का वेतन अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। कार्यालय में साफ-सफाई की स्थिति अत्यंत खराब पाई गई। अलमारियों पर जंग लगी हुई थी, अभिलेख धूलयुक्त अवस्था में पाए गए तथा कंप्यूटर कक्ष में तार बिखरे हुए मिले। इस पर तत्काल कार्यालय व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।

इसके उपरांत जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री शेर बहादुर सिंह एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित पाए गए, किंतु कार्यालय में साफ-सफाई एवं अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक नहीं पाया गया। कर्मचारियों द्वारा आईडी कार्ड धारण नहीं किए गए थे तथा नाम पट्टिकाएं भी नहीं लगी थीं।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ सहायक श्री जमील कादरी अनुपस्थित पाए गए। उनका दिनांक 07 मई 2026 का वेतन अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। कार्यालय की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, किंतु अभिलेखों का रखरखाव व्यवस्थित नहीं था। निरीक्षण के दौरान अवगत कराया गया कि जनपद में कुल 58 मदरसे संचालित हैं, जिनमें 05 एडेड एवं 53 मान्यता प्राप्त मदरसे हैं।

पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ सहायक श्री अशोक कुमार एवं पत्रवाहक श्री योगेश कुमार अनुपस्थित पाए गए। दोनों का दिनांक 07 मई 2026 का वेतन अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। कार्यालय में अभिलेख बिखरे हुए पाए गए तथा कंप्यूटर तार अत्यंत अव्यवस्थित अवस्था में मिले। साफ-सफाई की व्यवस्था भी अत्यंत खराब पाई गई।

जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कर्मचारी उपस्थित पाए गए, किंतु कार्यालय की साफ-सफाई एवं अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक नहीं पाया गया। कर्मचारियों द्वारा आईडी कार्ड धारण नहीं किए गए थे तथा पटल पर नाम पट्टिका भी नहीं रखी गई थी।

मनरेगा सेल के निरीक्षण के दौरान अभिलेखों का रखरखाव अपेक्षाकृत संतोषजनक पाया गया, किंतु कंप्यूटर के तार बिखरे हुए थे। सभी कर्मचारियों को आईडी कार्ड धारण करने एवं नाम पट्टिका लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही योजना संबंधी जानकारी आमजन को उपलब्ध कराने हेतु योजनाओं से संबंधित बैनर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।

एनआरएलएम कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त स्वरोजगार, डीसी-एनआरएलएम एवं जिला मिशन प्रबंधक उपस्थित पाए गए, किंतु कार्यालय में साफ-सफाई एवं अभिलेखों का रखरखाव अत्यंत खराब पाया गया। फर्श पर धूल जमी हुई थी तथा कार्यालय का सेटअप अव्यवस्थित पाया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कार्यालय को सुव्यवस्थित करने एवं पुराने अभिलेखों को संकेतक सहित संरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।

ग्रामीण अभियंत्रण विभाग कार्यालय के निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता श्री हरिओम श्रीवास्तव एवं अवर अभियंता सुश्री मीनाक्षी अनुपस्थित पाए गए। दोनों का दिनांक 07 मई 2026 का वेतन अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। कार्यालय की साफ-सफाई व्यवस्था अत्यंत खराब पाई गई तथा कई अभिलेख भवन की गैलरी में रखे हुए मिले। इस पर तत्काल स्टोर रूम में व्यवस्थित रखने एवं संकेतक अंकित करने के निर्देश दिए गए।

जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक नहीं पाया गया। कर्मचारियों के पटल पर नाम पट्टिकाएं लगी हुई थीं, किंतु किसी भी कर्मचारी द्वारा आईडी कार्ड धारण नहीं किया गया था।

जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। कार्यालय का सेटअप व्यवस्थित पाया गया, किंतु कुछ अभिलेखों पर संकेतक अंकित नहीं थे, जिन्हें तत्काल व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।

मत्स्य विभाग कार्यालय के निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए, किंतु अभिलेखों का रखरखाव एवं साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई।

युवा कल्याण विभाग कार्यालय के निरीक्षण के दौरान प्रभारी युवा कल्याण अधिकारी अनुपस्थित पाई गईं। अवगत कराया गया कि वह मिनी स्टेडियम में उपस्थित हैं। कार्यालय में अभिलेखों का रखरखाव व्यवस्थित नहीं पाया गया तथा साफ-सफाई व्यवस्था भी असंतोषजनक रही।

निरीक्षण के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी सुश्री पूजा साहू (आईएएस) द्वारा सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे प्रतिदिन समय से कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण करें तथा बिना सूचना अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी आमजन को सरलता से उपलब्ध हो सके, इसके लिए कार्यालयों में योजनाओं से संबंधित बैनर एवं सूचना पट प्रदर्शित किए जाएं।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यालयों में अनुशासनहीनता, साफ-सफाई में लापरवाही एवं अभिलेखों के अव्यवस्थित रखरखाव को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण निरंतर जारी रहेंगे।

Related posts