“सपा का ब्राह्मण प्रेम सिर्फ चुनावी ढोंग, सत्ता में किया अपमान : रघु मिश्रा।
वाराणसी/लखनऊ। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष रघु मिश्रा ने समाजवादी पार्टी पर ब्राह्मण विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान और पार्टी प्रवक्ताओं की भाषा में बड़ा अंतर है। मिश्रा ने कहा कि 34 वर्षों में सपा ने कभी किसी ब्राह्मण को प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनाया, जिससे पार्टी का असली चरित्र सामने आता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज पर की गई अमर्यादित टिप्पणी के बावजूद अखिलेश यादव ने कोई कार्रवाई नहीं की। मिश्रा ने कहा कि भाजपा और एनडीए सरकारों ने ब्राह्मण समाज को सम्मान और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हैं, जबकि सपा केवल चुनाव के समय ब्राह्मण प्रेम दिखाती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी संतों की धार्मिक यात्राओं का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। मिश्रा ने कहा कि सनातनी समाज सपा के “दोहरे चरित्र” को समझ चुका है और आगामी चुनाव में इसका जवाब देगा।
