समर कैम्प में छात्राओं ने बिखेरे प्रतिभा के रंग।
जीवन ज्योति हॉयर सेकेंडरी इन्क्लूसिव स्कूल में रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा सभी का मन।
वाराणसी। अकथा, सारनाथ स्थित जीवन ज्योति हॉयर सेकेंडरी इन्क्लूसिव स्कूल में शुक्रवार 15 मई 2026 को समर कैम्प का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में एल.के.जी. से लेकर कक्षा 12वीं तक की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।
समर कैम्प के दौरान कक्षा 1 एवं 2 की छात्राओं ने आकर्षक रैम्प वॉक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं दिव्यांग छात्राओं ने मधुर गायन प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा 7वीं की छात्राओं द्वारा अखबार से निर्मित पोशाकों में प्रस्तुत फैशन शो विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसकी सभी शिक्षकगण एवं छात्रगण ने सराहना की।
कार्यक्रम में छात्राओं ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आर्ट एंड क्राफ्ट गतिविधि में छात्राओं ने सुंदर फूल तैयार किए, जबकि कुछ छात्राओं ने रूमाल पर बांधनी रंगाई कर अपनी कलात्मक क्षमता का परिचय दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर मोनिका ने कहा कि छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए ऐसे अवसर मिलना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों में सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास विकसित करने में सहायक होते हैं।
इस अवसर पर संस्था की निदेशिका सिस्टर स्वेता ने सभी छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
