आईएमएस-बीएचयू में विश्व आईबीडी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस-बीएचयू) के गैस्ट्रो एंटरोलॉजी विभाग द्वारा विश्व आईबीडी दिवस के अवसर पर अस्पताल स्थित डॉक्टर लाउंज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक मरीजों एवं उनके परिजनों ने सहभागिता की।
मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी रहे। विभागाध्यक्ष डॉ. देवेश प्रकाश यादव ने बताया कि आईबीडी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन समय पर जांच और आधुनिक उपचार से मरीज सामान्य जीवन जी सकते हैं। उन्होंने बताया कि विभाग की विशेष आईबीडी क्लिनिक में अब तक करीब 2000 मरीज पंजीकृत हो चुके हैं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आईबीडी के लक्षण, जांच, आधुनिक उपचार एवं फीकल माइक्रोबायोटा ट्रांसप्लांटेशन (एफएमटी) तकनीक की जानकारी दी। डाइटीशियन शिवानी त्रिपाठी ने मरीजों को संतुलित एवं सुपाच्य भोजन अपनाने तथा जंक फूड, मसालेदार भोजन और धूम्रपान से बचने की सलाह दी।
कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर एवं परामर्श सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें मरीजों की जिज्ञासाओं का समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया।
