Varanasi UP…काशी विश्वनाथ मंदिर में अवैध वसूली और गुंडई का आरोप, अधिवक्ता ने मंडलायुक्त से की कठोर कार्रवाई की मांग।

काशी विश्वनाथ मंदिर में अवैध वसूली और गुंडई का आरोप, अधिवक्ता ने मंडलायुक्त से की कठोर कार्रवाई की मांग।

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन व्यवस्था के दौरान अवैध वसूली और गुंडई का गंभीर मामला सामने आया है। गंगापुरी कॉलोनी फुलवरिया निवासी अधिवक्ता दिलीप मिश्रा ने मंडलायुक्त वाराणसी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि मंदिर परिसर में सक्रिय एक कथित दलाल गिरोह दर्शनार्थियों से जबरन पैसे वसूल कर रहा है और विरोध करने पर अभद्रता व मारपीट पर उतारू हो जाता है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, बुधवार 20 मई 2026 को प्रातः लगभग 4:15 बजे अधिवक्ता दिलीप मिश्रा नेमी दर्शन हेतु लोकल दर्शनार्थियों की लाइन में लगे थे। इसी दौरान रूपेश मौर्य नामक व्यक्ति कथित रूप से पैसे लेकर अन्य लोगों को जबरन लाइन में प्रवेश करा रहा था। विरोध करने पर उसने अधिवक्ता को लाइन से बाहर खींचने का प्रयास किया, गाली-गलौज की तथा उनकी टी-शर्ट की जेब में रखा 200 रुपये का नोट जबरन छीन लिया। आरोप है कि इस दौरान पूजा सामग्री भी गिराकर नष्ट कर दी गई।

घटना का विरोध करने पर रूपेश मौर्य के अन्य सहयोगी भी मौके पर पहुंच गए और विवाद करने लगे। अधिवक्ता का आरोप है कि वहां मौजूद पुलिसकर्मी एवं मंदिर प्रशासन के कर्मचारी मूकदर्शक बने रहे, जिससे उनकी भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है।

अधिवक्ता दिलीप मिश्रा ने आरोप लगाया कि उक्त गिरोह पहले भी कई श्रद्धालुओं एवं अधिवक्ताओं के साथ अभद्रता और अवैध वसूली की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। उन्होंने मंडलायुक्त से मांग की है कि 20 मई की सुबह 4:15 बजे से 4:50 बजे तक की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।

साथ ही मंदिर परिसर में सक्रिय कथित दलाल गिरोह को समाप्त कर श्रद्धालुओं के लिए निष्पक्ष एवं सुरक्षित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।

Related posts