भीषण गर्मी में युवाओं की अनोखी पहल, राहगीरों के लिए शुरू किया निःशुल्क प्याऊ
वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के राजातालाब में युवाओं की टीम एक बार फिर समाज सेवा की मिसाल पेश कर रही है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बढ़ती गर्मी और तेज धूप को देखते हुए युवाओं द्वारा निःशुल्क पेयजल सेवा शुरू की गई। स्टेशन रोड राजातालाब पर समाजसेवी शुभम शर्मा एवं उनकी युवा टीम ने विधिवत प्याऊ का शुभारंभ किया, जहां राहगीरों को ठंडा एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
भीषण गर्मी में राह चलते लोगों को जब ठंडा पानी मिला तो उनके चेहरे खिल उठे। राहगीरों ने युवाओं की इस नेक पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में जहां लोग अपने निजी कार्यों में व्यस्त हैं, वहीं कुछ युवा समाजहित में सेवा कार्य कर मानवता की मिसाल पेश कर रहे हैं। लोगों ने कहा कि सामाजिक संगठनों एवं सम्पन्न परिवारों को भी ऐसे कार्यों में आगे आकर युवाओं का उत्साहवर्धन करना चाहिए।
समाजसेवी शुभम शर्मा ने बताया कि उनकी टीम लगातार समाजहित के कार्य करती रहती है। कभी रास्ता भटक गए लोगों को बाइक से घर तक पहुंचाना, तो कभी भूखे लोगों को भोजन कराना, जरूरतमंदों में उपयोगी सामग्री वितरित करना, तालाबों की साफ-सफाई कराना तथा पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करना उनकी टीम का उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है और दोपहर में ऐसा महसूस होता है मानो आसमान से आग बरस रही हो। ऐसे में राहगीरों को शुद्ध एवं ठंडा पानी उपलब्ध कराना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। इसी सोच के साथ युवाओं ने इस प्याऊ सेवा की शुरुआत की है, ताकि लोगों की प्यास बुझाई जा सके और उन्हें राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों ने युवाओं की इस सेवा भावना को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देने का काम करते हैं।
