Varanasi UP….प्रधान काशी से उठी बुलंद आवाज आप 1 साल दें, हम 5 साल देंगे

प्रधान काशी से उठी बुलंद आवाज आप 1 साल दें, हम 5 साल देंगे

वाराणसी। राष्ट्रीय पंचायती राज प्रधान संगठन, वाराणसी के नेतृत्व में जनपद की आठों ब्लॉकों के 694 ग्राम प्रधानों ने पंचायतों के विकास कार्यों को गति देने एवं ग्रामीण जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए ग्राम प्रधानों के कार्यकाल में एक वर्ष की वृद्धि किए जाने की मांग बुलंद की। संगठन द्वारा जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वाराणसी के माध्यम से शासन को ज्ञापन प्रेषित किया गया।

संगठन के जिला अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि कोविड काल, प्रशासनिक प्रतिबंधों एवं विभिन्न परिस्थितियों के कारण ग्राम पंचायतों के अनेक विकास कार्य प्रभावित हुए। इसके बावजूद ग्राम प्रधानों ने गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने, गरीबों की सहायता करने, स्वच्छता अभियान चलाने तथा जनहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाएं अधूरी हैं, जिन्हें पूर्ण करने के लिए ग्राम प्रधानों को अतिरिक्त समय दिया जाना आवश्यक है। इसी भावना के साथ

“प्रधान काशी से उठी आवाज — आप 1 साल दें, हम 5 साल देंगे”

का संकल्प लेकर संगठन ने सरकार से मांग की है कि ग्राम प्रधानों का कार्यकाल एक वर्ष बढ़ाया जाए।

संगठन ने यह भी मांग की कि कार्यकाल विस्तार अवधि में वर्तमान ग्राम प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किया जाए, ताकि विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहे और ग्रामीण जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

राष्ट्रीय पंचायती राज प्रधान संगठन ने आशा व्यक्त की है कि सरकार ग्राम प्रधानों की जनहितकारी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए पंचायत व्यवस्था को और मजबूत करने का कार्य करेगी।

इस अवसर पर जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, जिला महामंत्री मधुबन यादव, ब्लॉक अध्यक्ष लाल बहादुर पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष नितिन सिंह, जिला कोषाध्यक्ष विनोद पांडे, ब्लॉक अध्यक्ष राजू तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष रामसूरत यादव, जिला प्रवक्ता संतोष यादव, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश उपाध्याय, ब्लॉक अध्यक्ष अशोक प्रकाश पटेल सहित तमाम प्रधान साथी उपस्थित रहे।

Related posts