Varanasi UP…नाबालिग बेटियों की जबरन शादी कराने के आरोप में 5 गिरफ्तार, चोलापुर पुलिस की कार्रवाई

नाबालिग बेटियों की जबरन शादी कराने के आरोप में 5 गिरफ्तार, चोलापुर पुलिस की कार्रवाई

वाराणसी, 31 मई। थाना चोलापुर पुलिस ने नाबालिग बेटियों की उनकी इच्छा के विरुद्ध शादी कराने और संबंधित मामले में दर्ज मुकदमे के तहत तीन पुरुष एवं दो महिलाओं समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को रविवार को दानगंज मार्ग स्थित ग्राम रामपुर खुटहाँ और नवापुरा के पास से हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, मु0अ0सं0 212/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87, 115(2) एवं 61(2)(a) के तहत कार्रवाई की गई है। यह मुकदमा बबियांव निवासी नीरज राजभर की तहरीर पर दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उसकी बहन को विवाद कराने के उद्देश्य से बहला-फुसलाकर मेरठ ले जाया गया तथा उसके साथ मारपीट की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने राजकुमार राजभर (43), आजाद (39), सुमित पाल (27), मनशक्ति देवी (44) तथा अनीता (30) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पैसों के लालच में परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों की सहमति के बिना दो बेटियों की शादी करा दी गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए न्यायालय में विस्तृत बयान देने की बात कही है।

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनिल कुमार द्वारा की जा रही है तथा गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक चन्द्रभूषण, महिला उपनिरीक्षक स्वाती पाण्डेय, महिला उपनिरीक्षक संध्या जायसवाल, कांस्टेबल अवधेश यादव, गोवर्धन प्रसाद, संतोष कुमार एवं अंगद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related posts