वाराणसी पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है VTA
वाराणसी। वाराणसी ट्यूरिज्म एसोसिएशन (VTA) ने अपने प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर वर्ष 2025-26 की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग के विकास के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी। एसोसिएशन ने सदस्य संख्या में वृद्धि, पर्यटन हितधारकों को एक मंच पर जोड़ने, उद्योग की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष उठाने तथा पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न सेमिनार एवं संवाद कार्यक्रमों के आयोजन को अपनी प्रमुख उपलब्धियां बताया।
होटल ताज गंगेस के दरबार हॉल में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सम्मान समारोह एवं पर्यटन उद्योग के विकास पर विचार-विमर्श आयोजित किया गया। एसोसिएशन ने भविष्य में वाराणसी पर्यटन के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रचार-प्रसार, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा उद्योग की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रतिनिधित्व का संकल्प दोहराया। VTA ने सभी सदस्यों, सहयोगी संस्थाओं एवं प्रायोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पर्यटन उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।
